मप्र: CM HOUSE में होली का हुड़दंग, SHIVRAJ ने ढोल बजाया, हुरियारों की टोली आई

भोपाल। राजधानी में मुख्यमंत्री निवास होली की मस्ती में डूबा दिखा। यहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से लेकर महापौर आलोक शर्मा तक ने खूब होली खेली। रंग-बिरंगी गुलाल से ढंके चेहरे लिये सभी ने आसमान की ओर गुलाल उछाली और होली के गीत गाकर शुभकामनाएं दीं।सीएम हाउस पहुंचे हुरियारों को गुलाल लगाते हुए मुख्यमंत्री ने शुभकामनाएं दीं। मंत्रिमंडल के सदस्यों के अलावा सांसद और विधायक भी होली खेलने सीएम हाउस पहुंचे थे। कई पार्षद भी वहां मुख्यमंत्री के साथ होली के फोटो खिंचवाने की कोशिशों में लगे रहे।

मुख्यमंत्री को होली की बधाई देने मुख्यमंत्री निवास में जन-प्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सहित नागरिक पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली रंगों, मस्ती और उल्लास का त्योहार है। रंगों का यह त्योहार प्रदेश और देश में समृद्धि और उन्नति का रंग भरे। देश-प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचे। लोगों में स्नेह, सद्भाव और भाईचारा बना रहे तथा होली का पर्व सबके जीवन में खुशियों का रंग भरे। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक पर्व होली का भारतीय परम्परा में विशेष महत्व है। यह पर्व सामाजिक समरसता का संदेश देता है और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करता है। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि पर्यावरण को नुकसान पहुंचाये बिना परम्परागत हर्षोल्लास और आपसी प्रेम-भाव के साथ होली का त्योहार मनाया जाएगा।

वाणिज्य, उद्योग और रोजगार, खनिज साधन तथा प्रवासी भारतीय मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने प्रदेशवासियों को हर्ष, उल्लास और रंगों के पावन पर्व होली की हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई दी हैं। अपने शुभकामना संदेश में उन्होंने कहा है कि होलिका दहन समाज की सभी बुराईयों के अंत का प्रतीक व बुराइयों पर अच्छाइयों की विजय का सूचक है। उद्योग मंत्री ने कहा कि यह पर्व समाज में हर तरह के भेदभाव को मिटा देता है। इस दिन गरीब-अमीर, कमजोर-ताकतवर और सभी वर्गों के लोग आपसी भेदभाव भुलाकर हर्षोल्लास के रंग में रंग जाते हैं। 

जनसंपर्क, जल संसाधन व संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने होली पर्व पर नागरिकों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि होली का त्योहार भक्ति और आनंद के संगम का पर्व है। यह पर्व यह संदेश भी देता है कि हम सारी बुराइयों तथा आपसी गिले-शिकवे भुलाकर सब के साथ मिलकर त्योहार मनाएं। जनसंपर्क मंत्री ने नागरिकों से पर्यावरण की रक्षा करते हुए त्योहार मनाने का अनुरोध किया है। 

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !