ARVIND BHADORIA ने कान पकड़कर जनता से माफी मांगी, कर्जदार हैं कटारे

भिंड। अटेर की जनता से सीधा संबंध ना रखने वाले भाजपा प्रत्याशी अरविंद भदौरिया ने पर्चा दाखिल करते हुए जनता से कान पकड़कर माफी मांगी। भदौरिया ने दोनों कान पकड़कर कहा कि मैं पिछले सालों में आपके यहां तेरहवीं, फेरे या शादी समारोह में उपस्थित नहीं रहा हूं तो इसके लिए माफी चाहता हूं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार चौहान ने बात संभालते हुए कहा कि आप विधायक बनने के बाद भोपाल कम आएं। हम व सीएम साहब सारे काम करवा देंगे, आप तो अटेर के लोगों की चिंता कीजिए। 

अटेर विधानसभा उपचुनाव के लिए भदौरिया ने सोमवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष की मौजूदगी में नामांकन फार्म दाखिल किया। इस दौरान सीएम दो घंटे तक भिंड में रहे। कलेक्टोरेट पर आयोजित आमसभा में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार चौहान ने झोली फैलाकर वोट मांगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने अटेर में विकास का वादा किया। उनके समक्ष ही रिटायर्ड डीएसपी अशोक भदौरिया ने भी भाजपा की सदस्यता ली। श्री भदौरिया पूर्व में अटेर से चुनाव लड़ने का एलान कर चुुके थे। 

दिग्विजय का डर दिखाया
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का डर दिखाकर चुनाव जीतने की रणनीति भाजपा के लिए हमेशा काम की होती है। यहां भी ऐसा ही किया गया। सीएम ने आमसभा में कहा कि जो लोग यहां बंटाढार कर गए थे उन्होंने गोवा में भी कांग्रेस का बेड़ा गर्क कर दिया। उनसे विकास की कैसे उम्मीद की जा सकती। ऐसी पार्टी के लोग क्या अटेर विधानसभा में विकास करा पाएंगे। 

हथियारों के शौकीन हैं भदौरिया 
46 साल के भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक अरविंद सिंह भदौरिया पिस्टल-बंदूक के शौकीन हैं। उनके पास लाइसेंसी पिस्टल और रायफल है। भोपाल में उनके पास एक फ्लैट भी है। नामांकन ब्यौरे के हिसाब से उनके पास खुद का वाहन नहीं है। जबकि पत्नी अर्चना के पास एक्टिवा स्कूटर है। उनके बैंक में 27 लाख 32 हजार 934 रुपए हैं। लेकिन अरविंद से ज्यादा रकम उनकी पत्नी के पास है। अर्चना के पास 42 लाख 82 हजार 407 रुपए की संपत्ति है। भदौरिया के पास नकद 30 हजार रुपए हैं। 

कर्जदार हैं कांग्रेस प्रत्याशी हेमंत कटारे 
28 वर्षीय कांग्रेस प्रत्याशी हेमंत कटारे के हाथ में 3 लाख 42 हजार रुपए हैं। इसके अलावा उनके ऊपर 77 लाख 54 हजार 488 रुपए का ऋण भी है। तीन अलग-अलग बैंकों में कुल 28 लाख 56 हजार सात रुपए जमा होना बताए हैं। हेमंत के पास 200 ग्राम सोना और अटेर रोड स्थित अग्रवाल कॉलोनी में एक प्लाॅट भी है। इसका बाजार मूल्य 19 लाख 17 हजार रुपए है। इसी तरह यहां उनके नाम एक मकान भी है। इसका बाजार मूल्य 62 लाख 25 हजार रुपए है। हेमंत चेन्नई यूनिवर्सिटी से इंजीनियरिंग पास हैं। कुल मिलाकर यदि कुल संपत्ति में से कर्जा घटा दिया जाए तो कटारे के पास कुछ खास नहीं है। 

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !