भोपाल। भोपाल की एक हाईप्रोफाइल फैमिली की लड़की को अपनी ससुराल में दहेज प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। ससुराल वालों ने 25 लाख रुपए मांगे थे। नहीं मिले तो उन्होंने युवती को घर की नौकरानी बना दिया। जलील करने के लिए ससुर सबके सामने रोज अपने जूते के फीते बंधवाता था। पति मेहमानों के बीच उसे नौकरानी बताना था। अंतत: परेशान होकर वह भोपाल लौट आई।
महिला थाना पुलिस के अनुसार होशंगाबाद रोड चिनार फार्चून सिटी में रहने वाली 29 वर्षीय शबाना (परिवर्तित) का निकाह 5 जनवरी 2013 को सेक्टर 11 द्वारिका नगर दिल्ली में एक नामचीन आर्किटेक्ट परिवार में हुआ था। शादी के बाद से महिला के पति तोसिफ रसीद उसको दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे थे। आए दिन उनके साथ मारपीट और अन्य तरह से प्रताड़ित किया जाता था। हद तो तब हो गई, जब उनके पिता के समान ससुर अब्दुल रसीद उनसे अपने जूते के फीते बंधवाने लगे थे।
जब वह इसका विरोध करती तो उनकी सास और ननद उनको रोक देती थी। शबाना के साथ उसकी दो साल बेटी है, लेकिन उसके पति और ससुर उससे भी कभी कोई बात नहीं करते है। महिला थाना पुलिस कई बार दोनों को नोटिस जारी कर बुलाया, लेकिन महिला के ससुर और पति थाने नहीं आए। अब पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की एफआईआर दर्ज कर ली हैं।