ग्वालियर। पांच महीने पहले छोटे भाई ने छत पर जिस कुंदे से लटकर सुसाइड किया था, बड़े भाई ने भी उसी कुंदे पर फंदा बनाया और शुक्रवार को तड़के लटककर सुसाइड कर लिया। बताया जाता है कि बड़े भाई की तबीयत खराब रहती थी और छोटे के सुसाइड करने से वह अकेला हो गया था और इसी कारण उसने आत्महत्या का रास्ता चुना।
यह घटना कमल सिंह का बाग इलाके की है। यहां पर सुरेश यादव रहते थे। सुरेश की मौत काफी पहले हो गई। उनके दो बेटे दीपक और बलवंत यादव थे। पांच महीने पहले दीपक ने घर में छत के कुंदे में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया था। इसके बाद बलवंत घर में अकेला हो गया। पिछले कुछ दिनों से बलवंत की तबीयत भी खराब थी और वह शराब भी ज्यादा पीने लगा था।
अकेले रहता था बलवंत
शुक्रवार की सुबह चचेरा भाई भरत चाय लेकर बलवंत के कमरे में गया। अंदर बलवंत छत से लटका हुआ था। भरत शोर मचाता हुआ बाहर आया। उसने अपने पेरेंट्स को बलवंत की जानकारी दी। बलवंत के शरीर को नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सुसाइड की बात सुनकर इंदरगंज पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच में बलवंत का कोई सुसाइड नोट पुलिस को नहीं मिला है।
सुसाइड से पहले पी जमकर शराब
सुसाइड करने से पहले बलवंत ने जमकर शराब पी। उसके बाद लुंगी का फंदा बनाकर छत के कुंदे से लटककर सुसाइड कर लिया। इसी कुंदे से लटककर पांच महीने पहले उसके भाई दीपक ने भी सुसाइड किया था। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। बलवंत के माता-पिता का देहांत पहले ही हो चुका है। दो बहने हैं, जिन्हें सूचना दे दी गई है।