10 हजार से ज्यादा कांग्रेसी आए तो डंडे मारकर भगा देंगे: प्रदर्शन की सशर्त अनुमति

भोपाल। 22 फरवरी को विधानसभा पर होने वाले कांग्रेस के प्रदर्शन के लिए जिला प्रशासन ने सशर्त अनुमति दे दी है। जैन मंदिर के पास टीन शेड पर इस शर्त के साथ अनुमति दी गई है कि प्रदर्शन में 10 हजार से ज्यादा लोग जमा नहीं होंगे। इधर कांग्रेस दावा कर रही है कि प्रदर्शन में 1 लाख कार्यकर्ता आने वाले हैं। सीएम हाउस पहुंची खुफिया जानकारी के अनुसार संख्या 60 हजार के आसपास रहेगी। यदि ऐसा हुआ तो जैसी की इन दिनों परंपरा बन गई है। लाठीचार्ज सुनिश्चित है। पुलिस संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी कर रही है। प्रदर्शन के दौरान भारी मात्रा में पुलिस की लाठियां और प्रदर्शन को बिफल करने वाले हथियार मौजूद रहेंगे। 

प्रशासन के साथ कांग्रेस नेताओं की लंबी जद्दोजहद के बाद यह अनुमति मिल पाई है। भोपाल जिला कांग्रेस अध्यक्ष पीसी शर्मा,अशोक सिंह, कैलाश मिश्रा सहित कांग्रेस का शिष्टमंडल सोमवार को कलेक्टर कार्यालय में प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात करने पहुंचा था, जिसके बाद जिला प्रशासन ने यह सशर्त फैसला किया।

नाकाबंदी भी कर सकती है पुलिस
भोपाल पुलिस को इस तरह के प्रदर्शन को बिफल करने का पुराना अनुभव है। संभव है वो भोपाल की सीमाओं को सील कर दे। ऐसी स्थिति में पुलिस मॉनीटर करेगी कि रेल व सड़क मार्ग से लेकर 10 हजार के आसपास ही कांग्रेस शहर में घुस पाएं। इससे ज्यादा संख्या दिखाई दी तो उन्हें शहर में घुसने से पहले ही हिरासत में ले लिया जाएगा। कुछ आंदोलनों में भोपाल पुलिस का यह प्रयोग सफल भी रहा है। 

इधर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव (प्रदेश प्रभारी) मोहन प्रकाश एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री अरूण यादव ने आज पार्टी पदाधिकारियों के साथ प्रदेश सरकार के खिलाफ 22 फरवरी, बुधवार को राजधानी भोपाल स्थित टीन शेड (टीटी नगर) पर आयोजित आमसभा के उपरांत विधानसभा पर किये जाने वाले जंगी प्रदर्शन को लेकर कार्यक्रम स्थल, मार्ग-पार्किंग व्यवस्था का निरीक्षण किया। 

संभावित उपस्थिति को लेकर उत्साहित श्री प्रकाश ने प्रदेशाध्यक्ष श्री यादव सहित व्यवस्थाओं में लगे नेताओं को भी कहा है कि कार्यकर्ताओं को किसी तरह की असुविधा ना हो इस बाबत् विशेष प्रावधान किये जायें। 

निरीक्षण के दौरान संगठन प्रभारी महामंत्री सर्वश्री चंद्रिका प्रसाद द्विवेदी, कोषाध्यक्ष विनोद डागा, उपाध्यक्ष अशोकसिंह, महामंत्रीगण पी.सी. शर्मा, श्रीमती सविता दीवान अजय चौरे, वीरसिंह यादव, सचिव जितेन्द्रसिंह बघेल, मुख्य प्रवक्ता के.के. मिश्रा, अल्पसंख्यक कांग्रेस के अध्यक्ष मुजीब कुरैशी, नगर निगम के पूर्व अध्यक्ष कैलाश मिश्रा, प्रवक्ता श्रीमती विभा पटेल, दुर्गेश शर्मा, भोपाल युवा कांग्रेस लोकसभा अध्यक्ष मनोज शुक्ला, जितेन्द्र मिश्रा, योगेन्द्रसिंह परिहार, आनंद तारण सहित अनेकों पदाधिकारी शामिल थे। 

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !