1 करोड़ 67 लाख में बिका हिटलर का एतिहासिक टेलीफोन

वॉशिंगटन। दूसरे विश्व युद्ध में जिस फोन से लाखों लोगों की हत्या के आदेश दिए गए थे, वही हिटलर का फोन रविवार को अमेरिका में एक नीलामी के दौरान 2 लाख 43 हजार डॉलर में बिका। मूल रूप से ब्लैक बेकलाइट इस फोन को 1945 में दूसरी विश्व युद्ध में जर्मन सेनाओं के हारने के बाद नाजी तानाशाह के बर्लिन स्थित बंकर से बरामद किया गया था।

इस नीलामी को आयोजित करने वाले ऐलिक्जेंडर हिस्टोरिकल ऑक्शन ने इस फोन की कीमत 2 से 3 लाख डॉलर के बीच आंकी थी। इसकी शुरुआती बोली 1 लाख डॉलर रखी गई। हालांकि ऑक्शन हाउस ने सबसे ज्यादा बोली लगाकर इस फोन को खरीदने वाले की पहचान उजागर नहीं की है। मैरीलैंड की इस कंपनी ने एक हजार से ज्यादा ऐसी ऐतिहासिक वस्तुओं की नीलामी की है जिसमें इस फोन के साथ-साथ एक चीनी मिट्टी से बनी एक अल्सेशियन कुत्ते की मूर्ति भी शामिल है जो 24,300 डॉलर में बिकी।

सत्तर साल से ज्यादा पुराने इस सीमेंस रोटरी फोन पर एक स्वास्तिक और चील का निशान बना हुआ है। यह फोन हिटलर को नाजी जर्मनी की आर्म्ड फोर्सेज से मिला था। ऐलिक्जेंडर हाउस ने इस फोन को 'दुनिया का सबसे विध्वंसक हथियार' बताया जिसके कारण लाखों लोग मौत के घाट उतार दिए गए। ऐसा कहा जाता है कि विश्व युद्ध के आखिरी दो सालों में हिटलर ने अपने अधिकांश आदेश इसी फोन के जरिए दिए थे। कुछ रूसी अधिकारियों ने यह फोन ब्रिटिश ब्रिगेडियर राल्फ रेनर को दिया था जो जर्मनी के आत्मसमर्पण के कुछ समय बाद ही हिटलर के बंकर का निरीक्षण करने गए थे।

रेनर के पुत्र ने विरासत में मिले इस फोन को बेच दिया। इस फोन का पेंट अब उतर रहा है और इसका मूल रंग दिखने लगा है। ऑक्शन हाउस के मालिक ने बताया कि इस फोन की कीमत का अंदाजा कई आधार पर लगाया गया था जिसमें इसकी दुर्लभता और विशिष्टता भी शामिल है। ऑक्शन हाउस ने अपने एक स्टेटमेंट में कहा है, 'इतिहास के सबसे बड़े खलनायक के मुख्य हथियार के तौर पर इससे ज्यादा सटीक प्रतीक मिलना मुश्किल है। यह एक सामान्य ऑफिस का टेलिफोन नहीं बल्कि हिटलर द्वारा किए गए विनाश की मोबाइल डिवाइस था।'

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !