दूधाखेड़ी माता मंदिर की दीवार गिरी, हंगामा, पथराव, आगजनी

मंदसौर। यहां के सुप्रसिद्ध दूधाखेड़ी माता मंदिर की दीवार गिर गई। इसके कारण माता की प्रतिमा भी क्षतिग्रस्त हो गई। खबर फैलते ही इलाके में तनाव बढ़ गया। लोग सड़कों पर निकल आए। मंदिर प्रबंधन समिति के आॅफिस में तोड़फोड़ कर डाली। पुलिस ने रोका तो पथराव किया। वाहनों में आग लगा दी। 

भानपुरा थाना क्षेत्र में दूधाखेड़ी माता का मंदिर है। इस मंदिर का मरम्मत कार्य चल रहा है। इसी दौरान दीवार का एक हिस्सा ढह गया। दीवार के मलबे से मूर्ति को कुछ नुकसान हुआ। यह बात कस्बे में फैली तो लोग सड़कों पर उतर आए और उन्होंने उपद्रव मचाया, पथराव किया, वाहनों और मंदिर प्रशासन के कार्यालय में भी आग लगा दी।

कलेक्टर स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि यह मंदिर यहां के लोगों की आस्था का केंद्र है, निर्माण कार्य मंदिर प्रबंध समिति करा रही थी, इसी दौरान दीवार का हिस्सा गिर गया. इस पर लोगों ने गुस्सा जाहिर किया है। मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। हालात नियंत्रण में हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इस घटना पर गहरा रोष प्रकट किया है। सिंह ने कहा, "दूधाखेड़ी माताजी देश के लाखों लोगों की आस्था का केंद्र है। यहां प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते है तथा करोड़ों रुपये दान के रूप में प्राप्त होते हैं। मंदिर का संचालन कलेक्टर के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा किया जाता है।

सिंह ने आगे कहा कि निर्माण कार्यो में हो रहे भ्रष्टाचार की शिकायतें आती रहती हैं, यह घटना शिकायतों की पुष्टि करती है। उन्होंने दोषी अधिकारियों और इंजीनियरों को तत्काल निलंबित करने और निर्माण कार्य में हो रही अनियमिततओं व भ्रष्टाचार की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !