मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में महिला पर एसिड अटैक का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां नौकरी पर जा रही महिला पर दो नकाबपोश बदमाशों ने एसिड फेंक दिया। महिला को गंभीर हालत में एमवायएच अस्पताल में भर्ती किया गया है।
जानकारी के अनुसार, बाणगंगा इलाके में रहने वाली 35 वर्षीय एक महिला रोज की तरफ शुक्रवार सुबह भी घर से सांवेर रोड स्थित फैक्ट्री पर जाने के लिए निकली थी। दीपमाला ढाबे के पास पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उस पर एसिड फेंक दिया और फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने 108 एम्बुलेंस की मदद से महिला को एमवायएच अस्पताल पहुंचाया।
महिला अपनी 13 साल की बेटी के साथ रहती है। उसका पति मथुरा में खेती करता है। बताया जा रहा है कि कोई युवक कुछ दिनों से महिला के साथ छेड़छाड़ कर रहा था, जिसके चलते वह काफी परेशान भी थी। पुलिस को अंदेशा है कि एसिड अटैक के पीछे छेड़छाड़ करने वाले युवक का हाथ हो सकता है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।