कांग्रेस ने जनपद शिक्षा केंद्र में जड़ा ताला, 9 कर्मचारी अंदर बंद रहे

रतलाम। आधे से अधिक शिक्षा सत्र बीत गया इसके बाद भी शासन द्वारा छात्राओं को दी जाने वाली साइकिलों का वितरण अब तक नहीं हुआ। इसके विरोध में कांग्रेस नेता व कार्यकर्ताओं ने शनिवार को प्रदर्शन कर जनपद शिक्षा केंद्र पर तालाबंदी कर दी। इससे नौ कर्मचारी सवा घंटे तक कार्यालय में बंद रहे। जिला समन्वयक को सूचना दी लेकिन वे भी मौके पर नहीं आए। 

शनिवार दोपहर 12.30 बजे कांग्रेस कार्यकर्ता कृषि उपज मंडी से वाहन रैली निकालकर नीमच रोड स्थित जनपद शिक्षा केंद्र पहुंचे। जहां कर्मचारियों से साइकिल वितरण में देरी का कारण पूछा। संतुष्ट जवाब नहीं मिलने पर ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गेट पर ताला लगाकर तालाबंदी कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। जिला समन्वयक पीयूष गोयल पशु चिकित्सालय में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। उन्हें सूचना देकर बुलाया तो वे नहीं आए। 

जिला महामंत्री दीपक गेहलोत और ब्लॉक अध्यक्ष चंद्रशेखर पालीवाल ने संबोधित करते हुए कहा मंगलवार तक साइकिल का वितरण नहीं किया गया तो जहां साइकिल रखी है वहां पर छात्राओं को लाकर साइकिल वितरण किया जाएगा। सवा घंटे बाद कार्यकर्ता चाबी लेकर चले गए। जनपद शिक्षा केंद्र के अन्य कर्मचारी ब्लॉक अध्यक्ष पालीवाल से चाबी लाए और ताला खोला। कांग्रेस उपाध्यक्ष मंगेश संघई, कैलाश राठौर, मनोरमा मूंदड़ा, श्याम सोनी, आर. सागर कच्छावा सहित कार्यकर्ता उपस्थित थे। 

ताला भाजपा नेता की दुकान से खरीदा 
जनपद शिक्षा केंद्र पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जो ताला जड़ा उसे भाजपा नेता की दुकान से चालीस रुपए में खरीद कर लाए थे। इसकी भी चर्चा रही की भाजपा कार्यकर्ता के यहां से ताला खरीदा और विरोध भी उनकी पार्टी के नेताओं का ही हो रहा था। 

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !