नोटबंदी: हाईवे पर चक्काजाम, लाठीचार्ज, पुलिस पर पथराव

आगरा। बैंक से कैश न मिलने पर लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को सुबह से देर शाम तक करीब एक दर्जन बैंकों के बाहर लोगों ने हंगामा किया। रुनकता, एत्मादपुर, फतेहाबाद रोड और कालिंदी विहार में लोगों ने जाम लगा दिया। महिलाएं सड़क पर बैठ गईं। दो स्थानों पर पथराव भी हुआ। पुलिस ने हल्का लाठी चार्ज कर बमुश्किल हालात संभाले। दिन भर पुलिस दौड़ती रही। आधा दर्जन लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

एत्मादपुर में बैंककर्मियों पर भड़के लोग, हाईवे जाम
एत्मादपुर। तहसील तिराहे स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा के बाहर ही एटीएम है। मंगलवार सुबह से ही महिलाएं और पुरुष लाइन लगा कर खड़े थे। सुबह 10.30 बजे जैसे ही उन्हें पता लगा कि बैंक और एटीएम में रुपये नहीं हैं। वह आक्रोशित हो गए। बवाल करने लगे। यह देख बैंककर्मी घबरा गए। आनन-फानन में मुख्य गेट बंद कर लिया। यह देख आक्रोशित लोग और उग्र हो गए। राष्ट्रीय राजमार्ग पर आ गए। सड़क पर बैठ जाम लगा दिया। बैंक मैनेजर पर मनमानी का आरोप लगा नारेबाजी करने लगे। आधा घंटे तक वह हाईवे पर हंगामा करते रहे। इसके चलते दोनों ओर वाहनों की लम्बी-लम्बी लाइन लग गई। मौके पर सीओ एत्मादपुर फोर्स के साथ पहुंच गए। काफी मुश्किल से वह लोगों को वहां से हटा सके।

रुनकता में हाईवे पर लेटी महिलाएं, पुलिस पर पथराव
रुनकता। रुनकता स्थित पीएनबी की शाखा में घटना करीब 11 बजे की है। बैंक मैनेजर ने जैसे ही कैश नहीं होने को बोला तभी ग्रामीण उत्तेजित हो गए। मैनेजर से अभद्रता करना शुरू कर दिया। आरोप है कि चहेतों को रुपये दिए जा रहे हैं बाकी लोगों को नहीं। स्टाफ ने गेट बंद कर लिया तो ग्रामीण रुनकता हाईवे पर आ गए। महिलाएं सड़क पर लेट गई। रोड को जाम कर दिया। मैनेजर के खिलाफ नारेबाजी करना शुरू कर दिया। मौके पर रुनकता पुलिस पहुंची तो ग्रामीणों ने ईट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। वाहनों के पहिए जस के तस थम गए। मौके पर पुलिस बल को बुला लिया गया। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर लोगों को हाईवे से हटाया। इसके बाद ही यातायात सामान्य हो सका। एसओ सिकंदरा अनिल यादव का कहना है कि बैंक प्रबंधक की तहरीर पर एक दर्जन लोगों के खिलाफ बलवे का मुकदमा दर्ज किया गया है। बवालियों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।

एत्मादुद्दौला में दुल्हन पहुंची रुपये निकालने, लगाया जाम
एत्मादुद्दौला। कालिंदी विहार स्थित इलाहाबाद बैंक की शाखा पर घटना सुबह 10.45 बजे की है। विद्या नगर(फाउंड्री नगर) निवासी विमलेश की चार दिसम्बर को लगुन सगाई है। आठ दिसम्बर को बारात आनी है। इसके चलते वह सुबह परिवार के लोगों के साथ बैंक से ढाई लाख रुपये निकालने पहुंच गई। लाइन में इलाके के पहले से ही तीन दर्जन लोग लगे थे। जैसे ही उन्हें पता लगा कि बैंक में रुपये नहीं हैं तो उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया। बैंक पर ईट-पत्थर भी फेंके। रोड पर जाम लगा दिया। मौक पर थाना एत्मादुद्दौला का फोर्स पहुंच गया। पुलिस आधा घंटे बाद उन्हें सड़क से हटा सकी।

कागारौल में बैंक कर्मियों की मनमानी पर किया पथराव
कागारौल। जैंगारा स्थित औरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स की शाखा पर मंगलवार सुबह रुपए निकालने वालों की भीड़ थी। तभी किसी ने हल्ला मचा दिया कि बैंककर्मी अपने चहेते लोगों को ही रुपये दे रहे हैं। यह सुनते ही लोग भड़क उठे। हंगामा करना शुरू कर दिया। बैंक पर पथराव कर दिया। किरावली-कागारौल मार्ग जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बेकाबू होती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लठियां फटकारना शुरू कर दिया। पुलिस को देख वहां भगदड़ मच गई। लोग भाग खड़े हुए। सपा नेता संतोष चाहर को भी पुलिस ने पीट दिया। पुलिस ने हिरासत में ले लिया। जानकारी पर पूर्व विधान सभा अध्यक्ष सुरेन्द्र चौधरी, जीते ठाकुर, निशू पंडित आदि तमाम स्थानीय नेता थाने पहुंच गए। दबाव में आ पुलिस ने संतोष चाहर को छोड़ दिया।

फतेहाबाद रोड पर बैंक प्रबंधन की लापरवाही से चले लात-घूंसे
आगरा। मंगलवार को सुबह सवा दस बजे फतेहाबाद रोड पर होटल मुगल के सामने स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के बाहर लोगों की संख्या बमुश्किल 70-80 रही होगी, फिर भी प्रबंधन ने अंदर से चैनल बंद कर खुद को सुरक्षित करने पर जोर दिया। यहां तक शाखा प्रबंधक बैंक से चुपचाप खिसक लिए। हंगामा करने वालों ने बाहर रोड जाम कर दी। लगभग पन्द्रह मिनट के जाम में वाहनों की लंबी लाइन लग गई। क्षेत्रीय पुलिस ने आकर स्थिति संभाली। पुलिस की सख्ती के चलते बैंक के बाहर लोगों की संख्या कम होने लगी। इस बीच कई लोगों ने अंदर जाकर कैश जमा करने, चेक जमा करने का अनुरोध किया, लेकिन चैनल नहीं खोला गया। इसको लेकर कुछ युवा आक्रोशित हो गए। इन्होंने गुस्से में चैनल को जोर-जोर से खींचना शुरू कर दिया। इस खींचतानी में एक युवक के खरोंच आ गई। इस पर पब्लिक के दो गुट आमने सामने आ गए। गाली गलौज से हुई शुरुआत मारपीट में बदल गई। जम कर लात घूंसे चले। पुलिस के सिपाही खासी मशक्कत के बाद इनको अलग कर सके। हिंसा के इस माहौल के चलते कई विदेशी पर्यटक बाहर से ही लौट गए।

बैंक नहीं खुली तो आगरा-फतेहाबाद मार्ग पर लगाया जाम
फतेहाबाद। कुण्डौल और डौकी स्थित केनरा बैंक की शाखा पर मंगलवार सुबह से ही रुपये निकालने वालों की काफी भीड़ थी। सुबह 11 बजे तक कुण्डौल में बैक नही खुली तो लोगों का गुस्सा भड़क गया। जाम लगा दिया। सूचना पर डौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने बैंक कर्मचारियों से बात की तो साफ बोल दिया गया कि कैश नहीं है। बैंक खोल कर क्या करेंगे।

भरोसा मिलने पर शांत हुए लोग
आगरा। फतेहाबाद रोड स्थित होटल हावर्ड पार्क प्लाजा के पास एसबीआई की शाखा में मंगलवार दोपहर हंगामा कर दिया। पुलिस ने पहुंच लोगों को शांत कराया। लोगों का आरोप है कि बैंक में कैश तो है लेकिन दिया नहीं जा रहा है। पुलिस ने इस बावत बैंक अधिकारियों से बात की। उसके बाद लोगों को भरोसा दिलाया।

सूर्य नगर स्थित पीएनबी पर दो पक्षों में मारपीट
आगरा। सूर्य नगर स्थित पंजाब नेशनल बैंक के बाहर लाइन में लगे दो युवकों के बीच मारपीट हो गई। झगड़े की जड़ किसी के समझ नहीं आ सकी। दोनों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। घटना से वहां खलबली मच गई। मौके पर पहुंची हरीपर्वत पुलिस ने दोनों को अलग-अलग कराया। कड़ी हिदायत दी।

लोहामंडी में सिपाही ने फटकारी लाठियां
तोता के ताल(लोहामण्डी) स्थित केनरा बैंक की शाखा के बाहर मंगलवार शाम लोग हंगामा कर रहे थे। कैश नहीं मिलने से आक्रोशित थे। सूचना पर लोहामण्डी थाने का सिपाही मौके पर पहुंच गया। लोगों का आरोप था कि सिपाही ने आते ही लोगों को हड़काना शुरू कर दिया। लाठियां फटकार कर लोगों को खदेड़ दिया। इसको लेकर लोगों में रोष है। वह पुलिस अधिकारी से मामले की शिकायत करने की तैयारी में लग गए हैं। वहीं, लोहामण्डी पुलिस घटना की जानकारी नहीं होने की बात कह रही है।
Tags

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !