सिंगरौली। नए कलेक्टर शिवनारायण सिंह चौहान पहली बार जिला चिकित्सालय में निरीक्षण के लिए पहुंचे। यहां के हालात देखकर तो वो भड़क उठे। इतनी गंदगी और अव्यवस्थाएं शायद इससे पहले उन्होंने कभी नहीं देखी थीं। उनके मुंह से निकल पड़ा कि ये अस्पताल है या नर्क।
नवागत कलेक्टर शिवनारायण सिंह चौहान को लगातार जिला अस्पताल में अव्यवस्थाओं की शिकायत मिल रही थी, जिसके चलते उन्होंने बैढन स्थित जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें वार्ड सहित पूरे अस्पताल में भारी गंदगी और अव्यवस्थाओं का आलम मिला। इसे देख कलेक्टर भड़क गए और उन्होंने अस्पताल प्रशासन के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
कलेक्टर ने कहा कि अगर स्वस्थ आदमी को जिला अस्पताल में भर्ती कर दिया जाए तो वो यहां से बीमार होकर निकलेगा। उन्होंने कहा कि यहां के हालात नर्क जैसे हैं। इस मामले में अब कलेक्टर शिवनारायण सिंह ने आदेश जारी कर दिए हैं। कलेक्टर ने बताया कि सभी को निर्देशित कर दिया गया है कि जल्द से जल्द स्थिति को सुधारा जाए। यदि ऐसा नहीं होता है तो दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।