भोपाल। स्कूल/कॉलेज में लड़कियां अपने साथी छात्रों से सहज ही बातचीत करने लगतीं हैं। डेट पर भी चली जातीं हैं। इस दौरान सेल्फी भी हो जाती है लेकिन इस तरह की सामान्य सी बातें भी कभी कभी जी का जंजाल बन जातीं हैं। यहां एक सिरफिरे आशिक ने सेल्फी दिखाकर एक लड़की की शादी तुडवा दी। हनुमानगंज पुलिस ने मामला दर्ज किया है। ताज्जुब की बात यह है कि आरोपी नाबालिग है।
हनुमानगंज पुलिस के मुताबिक काजीकैंप में रहने वाली 17 वर्षीय छात्रा एक निजी स्कूल में 11वीं में पढ़ती है। एक साल पहले एक लड़का उसकी क्लास में पढ़ता था। तब उसने छात्रा से दोस्ती कर ली। बाद में उसने दूसरे स्कूल में एडमिशन ले लिया, लेकिन उनकी दोस्ती बनी रही। इस दौरान एक-दो बार वह छात्रा को घुमाने के बहाने से कमला पार्क ले गया। वहां उसने छात्रा के साथ कई सेल्फी ले लीं। इधर,परिवारवालों ने लड़की के लिए रिश्ता तलाशना शुरू कर दिया।
इस बात का पता चलते ही लड़के ने निकाह उसी के साथ करने का दबाव बनाते हुए छात्रा को धमकाना शुरू कर दिया। वह सेल्फी सार्वजनिक करने की धमकी देते हुए उसे ब्लैकमेल करने लगा। इतना ही नहीं जब लड़के को पता चला कि लड़की का रिश्ता किसी दूसरे परिवार में होने जा रहा है तो वो खुद उस परिवार के पास जा पहुंचा। उन्हे बताया कि लड़की का अफेयर तो उसके साथ है। लड़के ने सेल्फी भी दिखाई। इसके चलते रिश्ता टूट गया।
छात्रा के परिवारवालों ने उसे समझाया तो उसने कुछ फोटोग्राफ उनके सामने ही डीलीट भी कर दिए, लेकिन छात्रा को परेशान करने से बाज नहीं आया। मानसिक रूप से काफी परेशान होने पर छात्रा के परिजनों ने पुलिस में शिकायत कर दी। पुलिस ने आरोपी और उसके एक साथी के खिलाफ छेड़छाड़ का केस दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपी नाबालिग हैं।