जबलपुर। छह दिन पूर्व ड्यूटी के बाद जबलपुर से लापता हुई मध्य प्रदेश पुलिस की महिला सिपाही भटकते हुए खटीमा कोतवाली (उत्तराखंड) में मिली हैं। वो खुद कोतवाली पहुंची और अपना परिचय दिया। उत्तराखंड पुलिस ने मध्य प्रदेश पुलिस व परिजन को सूचना देकर महिला सिपाही को परिजन के सुपुर्द कर दिया है।
48 वर्षीय प्रीति पाठक जबलपुर में स्पेशल ब्रांच में तैनात हैं। वह जबलपुर की न्यू शोभापुर कालोनी में रहती हैं। बीती 22 सितंबर को वह ड्यूटी के बाद घर पहुंचीं। इसके बाद वह लापता हो गईं। इस मामले में उसकी गुमशुदगी जबलपुर में दर्ज कराई गई। परिजन के साथ पुलिस उसकी खोजबीन में जुटी थी, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
दो दिन पूर्व महिला सिपाही प्रीति पाठक भटकते हुए खटीमा कोतवाली (उत्तराखंड) जा पहुंचीं। यहां उन्होंने पुलिस को अपना परिचय दिया और बताया कि वह जबलपुर में महिला कांस्टेबल हैं। इस पर कोतवाली पुलिस ने उससे मोबाइल नंबर लेकर मध्य प्रदेश पुलिस को सूचित किया। बुधवार देर शाम मध्य प्रदेश पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक आरपी शुक्ला के साथ उनकी बेटी व दामाद पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रीति पाठक कुछ समय से तनाव में चल रही थीं।