नईदिल्ली। चेन्नई में अपनी पत्नी से परेशान 37 वर्षीय युवक ने सुसाइड करने के लिए 3 मंजिला बिल्डिंग से छलांग लगाई और नीचे सो रही 75 वर्षीय महिला पर जा गिरा। आत्महत्या के लिए कूदा युवक तो जिंदा है, लेकिन जिस महिला पर गिरा उसकी तत्काल मौत हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पत्नी के साथ अनबन के बाद सेल्वामुरुगम ने खूब शराब पी और घरवालों को खुदकुशी की धमकी देकर घर से निकल गया। घर वालों ने उसकी धमकी पर ध्यान नहीं दिया, लेकिन सेल्वामुरुगम 30 फीट ऊंची बिल्डिंग पर चढ़ गया। पेशे से ऑटो चालक शख्स ने छत से छलांग लगा दी और सीधा नीचे सो रही सारदा पर जाकर गिरा, जिससे महिला की मौत हो गई।
पुलिस की माने तो सेल्वामुरुगम ने जब छलांग लगाई तो उसने नीचे सो रही महिला को नहीं देखा होगा। फिलहाल सेल्वामुरुगम अस्पताल में भर्ती है, उसके सिर में चोट आई है। पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।