मुरैना। चंबल एक बार फिर डाकुओं और हत्यारों की धमचक से थरथरा रहा है। कल एक डॉक्टर की हत्या कर दी गई थी। आज एक घर में डकैती डाली गई। डाकुओं को ललकारने वाली महिला का भी गला रेतकर मर्डर कर दिया गया। पुलिस के हाथ दोनों मामलों में कोई सुराग नहीं लगा है।
मुरैना पुलिस के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गुर्जर कॉलोनी निवासी मुन्नी बाई के घर पांच से ज्यादा हथियारबंद डकैत घुस गए और घर से नगदी, जेवरात और कीमती सामान को लूट लिया। डकैतों का विरोध करने पर मुन्नी बाई का धारदार हथियार से गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आला पुलिस अफसर भी मौके पर पहुंच गए। डकैतों का सुराग लगाने के लिए एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली जा रही है।
सिविल लाइन पुलिस के अनुसार, अज्ञात डकैतों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस छापेमारी कर रही है। मुन्नी बाई का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। मुरैना में एक दिन पहले ही डॉक्टर की भी घर में घुसकर हत्या कर दी गई थी। 24 घंटे बाद भी पुलिस इस हत्याकांड का सुराग लगाने में नाकाम रही है।