SURVEY: यूपी में BJP और SP के बीच टक्कर, BSP 3rd और कांग्रेस गायब

नई दिल्ली। उत्तरप्रदेश में चुनावी बयार चल रही है। इस बीच एक टीवी चैनल ने सर्वे कराया है। आप इसे प्रायोजित भी कह सकते हैं परंतु उसका आंकलन अध्ययन के लिए हम आपके बीच रख रहे हैं। इसके अनुसार यूपी में यदि आज वोटिंग हो जाए तो अखिलेश यादव सर्वाधिक वोट ले जाएंगे। बीजेपी उन्हें कड़ी टक्कर देगी। बसपा का हाथी धूल चाटता नजर आएगा और कांग्रेस का तो नामोनिशान नहीं मिलेगा। सर्व के अनुसार इस वक्त चुनाव हुए तो समाजवादी पार्टी को 141-151 सीटें मिलने का अनुमान है। भाजपा को 124-134 सीटें मिल सकती हैं। बसपा को 103 से 113 सीटें मिल सकती हैं। 

कितने प्रतिशत किसको 
वोट प्रतिशत के अनुसार सपा को 30 फीसदी बसपा को 26 फीसदी और भाजपा को 27 फीसदी वोट मिलेंगे। सर्वे के अनुसार मुख्यमंत्री की बात करें तो अखिलेश यादव और मायावती को 24-24 फीसदी लोग पसंद करते हैं। राजनाथ सिंह को सात फीसदी और योगी आदित्यनाथ को पांच फीसदी और मुलायम सिंह यादव को 4 फीसदी लोग मुख्यमंत्री के तौर पर देखना चाहते हैं। 

सवर्ण जातियां भाजपा के साथ
जहां तक उच्च जाति की बात है, तो सर्वे के अनुसार 55 फीसदी सवर्ण भाजपा को चाहते हैं। समाजवादी पार्टी को 15 फीसदी, बहुजन समाज पार्टी को नौ फीसदी और कांग्रेस को पांच फीसदी लोग पसंद करते हैं, हालांकि भाजपा के दलित प्रेम के चलते उच्च जातियां नाराज हैं और राजनीति के पंडितों का कहना है कि इसका नुक्सान भाजपा को उठाना पड़ेगा परंतु टीवी चैनल का निष्कर्ष यही है। 

यादव वोटर सपा के साथ 
अगर अभी चुनाव हुए तो 68 फीसदी यादव समाजवादी पार्टी को वोट देंगे। 16 फीसदी यादव भाजपा के साथ, पांच फीसदी यादव बसपा और चार फीसदी यादव कांग्रेस को पसंद करते हैं।

अन्य पिछड़ी जातियां (ओबीसी) भाजपा के साथ 
इसमें 38 फीसदी बीजेपी, 19 फीसदी सपा, 23 फीसदी बसपा और पांच फीसदी कांग्रेस के पक्ष में जा सकता है। 

अन्य दलित जातियां बसपा के खाते में
56 फीसदी बसपा, 16 फीसदी भाजपा, 14 फीसदी सपा और तीन फीसदी कांग्रेस को पसंद कर रही हैं। अन्य को 11 फीसदी लोग पसंद कर रहे हैं। 

जाटव जातियां बसपा का वोटबैंक 
सर्वे के अनुसार 75 फीसदी जाटव लोग बसपा को समर्थन करेंगे। भाजपा और सपा को आठ-आठ फीसदी जाटव पसंद करते हैं। कांग्रेस को महज 2 फीसदी जाटव लोग अपनी पसंद बता रहे हैं। 

मुस्लिम वोटर सपा का वोटबैंक 
62 फीसदी वोटर सपा, 18 फीसदी बसपा, 8 फीसदी कांग्रेस को पसंद करते हैं। भाजपा को महज चार फीसदी मुस्लिम पसंद बता रहे हैं। 

किस क्षेत्र में किस पार्टी की पकड़ मजबूत 
पूर्वी यूपी में भाजपा को बढ़त मिल सकती है। यहां सपा दूसरे नंबर पर रह सकती है। 
पश्चिमी यूपी में भाजपा को बढ़त मिल सकती है। यहां बसपा दूसरे नबंर पर रह सकती है। 
अवध इलाके में सपा और बसपा के बीच कांटे की टक्कर है। तीसरे स्थान पर भाजपा रहेगी। 
दोआब वाले इलाके में किसी पार्टी को बढ़त नहीं है। 

कितने लोगों से राय ली गई 
ये सर्वे 403 में से 65 विधानसभा क्षेत्रों के लोगों से बातचीत की गई। कुल 4452 लोगों से राय ली गई है। 23 जुलाई से 7 अगस्त के बीच लोगों से संपर्क साधा गया। सर्वे ABP और CSDS द्वारा कराया गया है। 

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !