कलेक्टर दुबे के लिए मिठाईयां बंटी, शर्मा के लिए सुसाइड की धमकी

भोपाल। मप्र में इस बार हुए कलेक्टरों के तबादले काफी सुर्खियों में हैं। पहली बार ऐसा हुआ है कि जनता उम्मीद से ज्यादा रेस्पांस कर रही है। शिवपुरी में कलेक्टर राजीव दुबे ने नए कलेक्टर ओपी शर्मा को चार्ज सौंप दिया है। इसी के साथ शहर में मिठाईयां बांटकर दुबे के जाने की खुशी मनाई गई। उधर बड़वानी में राजीव शर्मा का तबादला निरस्त कराने के लिए सुसाइड तक की धमकी दे दी गई। 

सुर्खियों में तो नरसिंहपुर कलेक्टर सिबी चक्रवर्ती एवं पन्ना कलेक्टर एसएनएस चौहान भी हैं लेकिन जनता का जैसी प्रतिक्रियाएं बड़वानी और शिवपुरी में मिल रहीं हैं, वैसा कहीं नहीं है। बड़वानी में कलेक्टर राजीव शर्मा का तबादला रुकवाने के लिए उठी मांग अब उग्र होती जा रही है। सोशल मीडिया से शुरू हुआ सिलसिला अब सड़कों पर आने लगा है। एक व्यक्ति ने तो सुसाइड तक की धमकी दे डाली। सीएम शिवराज सिंह अमेरिका में हैं, लेकिन मामला उनकी जानकारी में भी पहुंचाना पड़ा है। स्थिति तनावपूर्ण होते देख राजीव दुबे एडीएम को ही चार्ज सौंपकर भोपाल आ गए। उनका अनुमान था कि जब तक वो बड़वानी में रहेंगे यह आंदोलन और उग्र होता चला जाएगा। व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम जरूरी था। 

उधर शिवपुरी में कलेक्टर राजीव दुबे ने नए कलेक्टर ओपी श्रीवास्तव को चार्ज दे दिया। इसी के साथ शिवपुरी में मिठाईयां बांटी गईं। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने तो मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। दरअसल, लोग तबादला सूची आने के बाद भी इस क्षण का इंतजार कर रहे थे। सूत्र बताते हैं कि तबादले की खबर सुनते ही कलेक्टर रातों रात भोपाल आ पहुंचे थे। शिवपुरी में चर्चा थी कि वो अपना तबादला निरस्त कराकर ही लौटेंगे, परंतु ऐसा नहीं हुआ। जब उन्होंने चार्ज सौंप दिया तब लोगों को भरोसा हुआ कि अब राजीव दुबे चले ही जाएंगे। यूं तो राजीव दुबे अपने विरोध का कारण अतिक्रमण विरोधी अभियान बता रहे हैं परंतु स्कूली बच्चों को 2 बार जेल भेजने की धमकी देने के कारण वो विवादों में थे। इसके अलावा पूरी तरह से बर्बाद हो चुके शिवपुरी शहर में हर आम आदमी केवल कलेक्टर ही नहीं बल्कि सांसद और विधायक का भी विरोध कर रहा है। 

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !