भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के घर में 10 साल की बालिका वधु

नईदिल्ली। जी हां, झारखंड में भाजपा क प्रदेश अध्यक्ष ताला मरांडी अपने बेटे मुन्ना मरांडी के लिए बालिका वधु ले आए हैं। जांच में बहु की उम्र 10 वर्ष 11 माह पाई गई है। बुधवार को महागामा एसडीओ संजय कुमार व बीडीओ उदय कुमार लड़की की उम्र की जांच करने एसडीएन एकेडमी पहुंचे। दोनों ने अटेंडेंस रजिस्टर की जांच की, लेकिन आधिकारिक बयान नहीं दिया। इस मामले में अब तूल पकड़ लिया है। 

एसडीएन एकेडमी, महागामा की नामांकन पंजी में रीतू बास्की की जन्मतिथि 25 जुलाई 2005 दर्ज है, यानी वर्तमान में ताला मरांडी की पुत्रवधू की उम्र 10 वर्ष 11 माह है। जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी रितेश कुमार ने कहा कि इस मामले की जानकारी मिली है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। ताला मरांडी के पुत्र मुन्ना मरांडी की शादी 27 जून को महागामा के ईश्वर मरांडी नगर निवासी भगन बास्की की चौथी पुत्री रीतू बास्की से हुई है।

पहले उनके पुत्र की शादी तरडीहा में सुरेश हांदसा की बेटी ममता हांसदा से तय हुई थी, लेकिन ममता ने शादी से इन्कार कर दिया था। उधर ताला मरांडी की पुत्रवधू के प्रकरण ने सियासी रंग ले लिया है। झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने कहा कि कार्ड में किसी अन्य लड़की का नाम है, शादी दूसरी लड़की से हुई। जिससे शादी हुई वह भी नाबालिग है। यह आपराधिक मामला बनता है। झाविमो के प्रधान महासचिव प्रदीप यादव ने पूरे मामले की एसआइटी जांच की मांग की है।

उन्होंने कहा कि वह विधानसभा के मानसून सत्र में इस मामले को उठाएंगे। कांग्रेस की जिलाध्यक्ष दीपिका पांडेय सिह ने बाल विवाह के लिए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को जिम्मेदार मानते हुए उनसे इस्तीफे की मांग की है।

प्रीतिभोज में पहुंचे मंत्री व विधायक
झारखंड भाजपा अध्यक्ष ताला मरांडी के पुत्र मुन्ना मरांडी के प्रीतिभोज में कई विधायक व मंत्री ने शिरकत की। इनमें समाज कल्याण मंत्री डॉ. लुइस मरांडी, राजमहल के विधायक अनंत ओझा, देवघर के विधायक नारायण दास, बोकारो के विधायक विरंची नारायण और गोड्डा के विधायक अमित मंडल आदि प्रमुख थे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रघुवर दास के आने की भी चर्चा थी।

स्पेशल ब्रांच ने नहीं दी रिपोर्ट
रांची : ताला मरांडी की पुत्रवधू के नाबालिग होने के मामले में राज्य पुलिस के स्पेशल ब्रांच ने कोई रिपोर्ट राज्य सरकार को नहीं सौंपी है। स्पेशल ब्रांच के अपर पुलिस महानिदेशक सह झारखंड पुलिस के मुख्य प्रवक्ता अनुराग गुप्ता ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट सौंपने की बात निराधार है।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !