कर्ज में हैं शिवराज, 10 साल में 25 गुना बढ़ा

भोपाल। मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए 10 साल में शिवराज सिंह चौहान की संपत्ति क्या हो गई होगी? इसका जवाब सवाल से ज्यादा जिज्ञासा पैदा करता है, क्योंकि एक राजनेता को लेकर प्रचलित अनुमानों के उलट शिवराज सिंह चौहान की संपत्ति कीमत सिर्फ बाजार मूल्य के मुताबिक करीब दस गुना बढ़ी है, वहीं इस पूरे कार्यकाल में उन पर कर्ज 25 गुना बढ़ गया, क्योंकि उन्होंने खेती के लिए आधुनिक यंत्रों की खरीद के लिए कर्ज लिया है।

2004 में जहां मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी साधना सिंह चौहान की कुल नकद व चल-अचल संपत्ति 51 लाख 54 हजार रुपए थी, वो 2013 में 5 करोड़ 36 लाख रुपए की हो गई। वहीं, कर्ज ढाई लाख से बढ़कर 74 लाख 15 हजार हो गया। चुनाव आयोग में शिवराज सिंह चौहान द्वारा 2004 और 2013 में दिए हलफनामे में ये ब्योरा दर्ज है। मुख्यमंत्री बनने से पहले शिवराज के पास एक क्वालिस और एम्बेसेडर थी, जो आज नहीं है। 

वेयरहाउस, ग्रीनहाउस : 
शिवराज सिंह ने कृषि भूमि पर 72 लाख की लागत से दो वेयरहाउस और 22 लाख रुपए लगाकर तीन पॉली व ग्रीन हाउस बनवाए। वेयरहाउस का बाजार मूल्य करीब 1 करोड़ 30 लाख और पॉलीहाउस 22 लाख रुपए आंका गया है।

मकान : 
चौहान दंपती ने बैंकों से कर्ज लेकर भोपाल की रिवेरा टाउनशिप और विदिशा के श्यामाप्रसाद मुखर्जी नगर में मकान लिए हैं। अरेरा कॉलोनी में साधना सिंह के नाम पर एक फ्लेट है। 2004 में सर्वधर्म सोसायटी में प्लॉट के लिए एडवांस दिया था जो अब संपत्ति के ब्योरे में नहीं है।

सोना-चांदी :
शिवराज-साधना की सोना-चांदी बनाने में ज्यादा रुचि नहीं रही। दोनों के पास साढ़े पांच सौ ग्राम सोना है, जिसकी कीमत चार लाख के आसपास बताई गई है।

घरेलू सामान :
दोनों पास निजी तौर पर एक लाख रुपए का घरेलू सामान है।

कर्ज की स्थिति :
शिवराज सिंह चौहान पर वर्ष 2004 में कुल 2 लाख 87 हजार 640 रुपए कर्ज था, जो उन्होंने क्वालिस गाड़ी और विदिशा में मकान खरीदने लिया था। आज की स्थिति में उनके ऊपर 20 लाख रुपए का कर्ज है जबकि, साधना सिंह चौहान पर 54 लाख 15 हजार रुपए का कर्ज है।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !