निवाड़ी। हाईस्कूल असाटी पूरी तरह से अखाड़े में तब्दील हो गया। स्टाफ आपस में उलझ गया। मारपीट हुई और मामला पुलिस तक जा पहुंचा। पुलिस ने एक पक्षीय एफआईआर दर्ज की तो प्रदर्शन शुरू हो गया। कुल मिलाकर राजनीति के सारे रंग इस स्कूल में दिखाई दे रहे हैं।
मामला शिक्षिका मनीषा अग्रवाल, शिक्षक रविन्द्र खरे एवं प्राचार्य सुखलाल मलारया के बीच हुए विवाद का है एवं घटना दिनांक 29 जुलाई 2015 की।
मनीषा का आरोप है कि रविन्द्र एवं सुखलाल ने स्कूल में उसके साथ मारपीट की एवं अभद्र व्यवहार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर ली।
शिक्षक रविन्द्र एवं प्राचार्य सुखलाल का आरोप है कि मनीषा झांसी से अपडाउन करती है। स्कूल नहीं आती। पालकों ने शिकायत की थी अत: नोटिस दिया गया। इस पर से शिक्षिका ने स्कूल में हंगामा किया और रविन्द्र खरे को उसी की क्लास में जाकर पीटा।
रविन्द्र खरे ने इस घटना की शिकायत प्राचार्य से की। प्राचार्य ने पुलिस कार्रवाई के लिए शिकायत को फार्वड किया लेकिन पुलिस ने एफआईआर नहीं की।
अब स्कूल परिसर में प्रदर्शन का दौर शुरू हो गया है। जिला मुख्यालय से आए जांच अधिकारी के सामने स्कूल के बच्चों ने प्रदर्शन किया एवं मनीषा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।