नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह पुलिस गिरफ्तारी से बचने के लिए गायब हो गए हैं। उन पर एक सरकारी इंजीनियर की पिटाई का आरोप है। शनिवार को कोर्ट ने उनकी जमानत खारिज कर दी थी।
दिल्ली पुलिस कमिश्नर बीएस बस्सी ने बताया कि आप विधायक फरार चल रहे हैं। जरनैल सिंह तिलक नगर से विधायक हैं। पिछले महीने उन पर इंजीनियर की पिटाई करने वाली भीड़ की अगुवाई करने का मामला दर्ज किया गया था। इंजीनियर अवैध निर्माण नष्ट करने गया था।
इसके बाद जूनियर इंजीनियर अजहर मुस्तफा ने जरनैल सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कराया। मुस्तफा ने आरोप लगाया कि जब विधायक को निर्माण तोड़ने के कागज दिखाए गए तो उन्होंने उन्हें फाड़ दिया। वहीं सिंह ने दावा किया था कि संपत्ति के मालिका को कोई नोटिस नहीं दिया गया।
गौरतलब है कि आप की दिल्ली में दोबारा सरकार बनने के बाद से लगभग आधा दर्जन विधायकों पर आपराधिक मुकदमें चल रहे हैं।