भोपाल। सीआईडी में पदस्थ सिपाही की पत्नी की शिकायत पर क्राइम ब्रांच ने एक बर्खास्त एएसआई के खिलाफ ज्यादती का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने महिला के पति को भी दहेज प्रताड़ना के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक होशंगाबाद रोड स्थित एक कॉलोनी में रहने वाली महिला का फरवरी 2006 में आशीष भार्गव से विवाह हुआ था। शादी के कुछ दिनों बाद से ही दहेज को लेकर महिला को प्रताड़ित किया जाने लगा। इसके चलते जल्द ही पति-पत्नी अलग रहने लगे। इसी दौरान आशीष का दोस्त अमिताभ, महिला के घर आने लगा। एक दिन उसने महिला के साथ ज्यादती कर दी।
इसकी शिकायत भी महिला ने अपने पति से की थी, लेकिन उसने इसे अनसुना कर दिया। काफी परेशान होने के बाद महिला ने इसकी शिकायत क्राइम ब्रांच से की। जांच के बाद पुलिस ने आशीष के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, जबकि अमिताभ के खिलाफ ज्यादती का मामला दर्ज कर लिया है।