भोपाल। यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन (यूजीसी) ने 29 जून को होने वाले नेट (नेशनल एलिजबिलिटी टैस्ट) का शेड्यूल जारी कर दिया है। असिस्टेंट प्रोफेसर और जूनियर रिसर्च फैलोशिप के लिए होने वाले इस एग्जाम के लिए ऑनलाइन अप्लाई करना होगा। इसकी अंतिम तिथि पांच मई है। वहीं, फीस सात मई तक जमा की जा सकेगी।
कैंडिडेट्स को फॉर्म, अटेंडेंस स्लिप और एडमिट कार्ड का प्रिंट 10 मई तक निकालना होगा। फॉर्म और अटेंडेंस स्लिप के साथ फीस की स्लिप और कैटेगरी सर्टिफिकेट की फोटो कॉपी 15 मई तक समन्वयक संस्थान में जमा करनी होगी। यह एग्जाम 95 विषयों के लिए आयोजित किया जा रहा है। परीक्षा के लिए देशभर में 86 समन्वयक संस्था बनाई गई है। मप्र में समन्वयक संस्था भोज मुक्त विवि भोपाल, देवी अहिल्या विवि इंदौर, जीवाजी विवि ग्वालियर, रानी दुर्गावती विवि जबलपुर और अवधेश प्रताप सिंह विवि रीवा को बनाया गया है।
टाइम और मार्क्स का गणित
यह एग्जाम 29 जून को दो शिफ्ट में कंडक्ट किया जाएगा, जिसमें तीन पेपर होंगे। पहली शिफ्ट में दो और दूसरी शिफ्ट में एक पेपर होगा। पहला और दूसरा पेपर 100-100 मार्क्स और तीसरा पेपर 150 मार्क्स का होगा। पहले पेपर का समय सुबह 9.30 से 10.45 बजे दूसरे का सुबह 10.45 से दोपहर 12 बजे और तीसरे पेपर का समय दोपहर 1.30 बजे से अपराह्न चार बजे तक रहेगा।