उमाभारती अंधेरे में गुपचुप पहुंची नलखेड़ा, आधीरात के बाद की तंत्रसाधना

shailendra gupta
शाजापुर/नलखेड़ा। पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा की राष्ट्रीय नेता उमा भारती ने रविवार मध्य रात्रि(रात 12 बजे के बाद)नलखेड़ा स्थित विश्व प्रसिद्ध पीतांबरा शक्तिपीठ मां बगलामुखी मंदिर में तंत्र साधना की। साधना पं. कैलाश नारायण गुराडिय़ा ने कराई। करीब एक घंटे तक सुश्री भारती ने माता के सामने हवन में आहुतियां दीं। सोमवार सुबह 6 बजे महाआरती में शामिल होकर सुबह 9 बजे वे यहां से रवाना हुईं।

सुश्री भारती रविवार रात 10 बजे नलखेड़ा पहुंचीं। यहां पहुंचते ही सबसे पहले उन्होंने माता के चरणों में मत्था टेका और पूजा की। इसके बाद देर रात स्नान किया और ठीक रात 12 बजे तंत्र साधना शुरू की। पंडित ने मंत्रोच्चार किया और सुश्री भारती ने हवन में आहुति दी।

हवन-पूजन एक घंटे रात 1 बजे तक चला। इसके बाद रात्रि विश्राम भी मंदिर परिसर में ही किया। जिला महामंत्री दिलीप सकलेचा व मंडल अध्यक्ष पीरूलाल कलसिया ने सुश्री भारती का स्वागत किया। विधायक संतोष जोशी, जिला कार्यकारणी सदस्य नरेंद्र वेदिया, शिशु मंदिर व्यवस्थापक राधेश्याम पाटीदार आदि मौजूद थे।

तंत्र साधना के लिए प्रसिद्ध है मां बगलामुखी

पं. कैलाश नारायण ने बताया मां बगलामुखी मंदिर में तंत्र साधना के लिए विशेष संयोग है। मंदिर के चारों तरफ श्मशान व समीप ही नदी के कारण इसका महत्व और भी बढ़ गया है। पश्चिम में ग्राम गुदरावन, पूर्व में कब्रिस्तान और दक्षिण में श्मशान है।

नगर में रही चर्चा

पूर्व मुख्यमंत्री के अचानक नगर आने और आधी रात को माता मंदिर में साधना करने की सोमवार को दिनभर नगर में चर्चा रही। आखिर आधी रात को तंत्र साधना कर उमा भारती ने क्या मन्नत मांगी इसको लेकर लोग चर्चा करते रहे।

ज्ञात रहे सुश्री भारती ने ही मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार बनाई थी। हालांकि कुछ विपरीत परिस्थतियों के कारण उन्हें कुछ माह में ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। इससे बाद पार्टी से नाराज होकर उन्होंने नई पार्टी भारतीय जन शक्ति पार्टी बनाकर चुनावी मैदान में उतरीं। अब वापस उन्हें भाजपा में शामिल कर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथसिंह ने सुश्री भारती को न सिर्फ पार्टी में शामिल किया। बल्कि उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!